
छत्रपति संभाजीनगर नगर निगम ने बुधवार सुबह AIMIM पार्षद मतीन पटेल के नारेगांव स्थित घर और ऑफिस पर बुलडोजर चला दिया। इसी कार्रवाई में एक अन्य मकान को भी तोड़ा गया, जहां कथित तौर पर एक TCS कर्मचारी गिरफ्तारी से पहले पांच दिनों तक रुकी थी।पुलिस के मुताबिक महिला को नासिक पुलिस ने यौन शोषण और धर्म परिवर्तन से जुड़े आरोपों में गिरफ्तार किया था।
सुबह 6 बजे शुरू हुई कार्रवाई
नगर निगम की कार्रवाई सुबह करीब 6:15 बजे शुरू हुई। इस दौरान करीब 105 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे, जबकि लगभग 100 नगर निगम कर्मचारियों ने मिलकर ढांचों को गिराया। कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी पुलिस बंदोबस्त रखा गया ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।
फूल बरसाकर और संविधान की प्रति देकर विरोध
AIMIM के महाराष्ट्र अध्यक्ष इम्तियाज जलील की अपील के बाद मतीन पटेल के परिवार और स्थानीय लोगों ने विरोध का अलग तरीका अपनाया। उन्होंने बुलडोजर दस्ते पर फूल बरसाए और अधिकारियों को संविधान की प्रति भेंट की। समर्थकों ने इसे ‘गांधीगिरी’ बताया।
इम्तियाज जलील बोले- यह अन्याय है
इम्तियाज जलील ने कार्रवाई को ‘अन्याय’ करार देते हुए कहा कि मतीन पटेल का घर और ऑफिस दोबारा बनाने के लिए क्राउडफंडिंग अभियान शुरू किया जाएगा। इस मुद्दे को लेकर AIMIM कार्यकर्ताओं और सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के समर्थकों के बीच तीखी बयानबाजी भी देखने को मिली।
पड़ोसी दुकान भी गिरी
नगर निगम की कार्रवाई में एक पड़ोसी दुकान को भी ढहा दिया गया। हालांकि प्रशासन की ओर से इस पर अलग से कोई विस्तृत बयान सामने नहीं आया।






