
SBI Bank Holiday: अगर आपका खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में है और आपको बैंक के ब्रांच में जाकर कोई जरूरी काम निपटाना है, तो उसे जल्द पूरा कर लें। देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक के ब्रांच 23 मई से लगातार छह दिन तक बंद रह सकती हैं।
हालांकि, इस दौरान ऑनलाइन सेवाएं जारी रहेंगी। ग्राहक नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, UPI और ATM जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। लेकिन शाखा में जाकर होने वाले काम प्रभावित हो सकते हैं।
क्यों बंद रहेगा एसबीआई?
लगातार छुट्टियों की वजह वीकेंड, प्रस्तावित हड़ताल और ईद-उल-अजहा (बकरीद) की छुट्टियां हैं। 23 मई को महीने का चौथा शनिवार है, इसलिए बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 24 मई को रविवार की छुट्टी रहेगी। यानी पहले ही दो दिन बैंक के ब्रांच में कामकाज नहीं होगा।
25-26 मई को प्रस्तावित हड़ताल
SBI Staff Federation ने 25 और 26 मई 2026 को दो दिन की हड़ताल का ऐलान किया है। हड़ताल भर्ती प्रक्रिया, National Pension System (NPS) फंड मैनेजरों की नियुक्ति और कर्मचारियों से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर बुलाई गई है।
All India State Bank of India Staff Federation ने नौकरी आउटसोर्सिंग, समानता से जुड़े मुद्दों, करियर प्रोग्रेशन स्कीम की समीक्षा और HRMS से संबंधित चिंताओं को भी उठाया है। अगर कर्मचारी बड़ी संख्या में हड़ताल में शामिल होते हैं, तो शाखाओं का कामकाज प्रभावित हो सकता है।
बकरीद पर भी बैंक बंद
Reserve Bank of India के हॉलीडे कैलेंडर के मुताबिक, बकरीद के मौके पर भी बैंक बंद रहेंगे। देश के कुछ हिस्सों में यह त्योहार 27 मई को और कुछ जगह 28 मई को मनाया जाएगा। जम्मू-कश्मीर में बकरीद दोनों दिन मनाई जाएगी, इसलिए वहां 27 और 28 मई को बैंक बंद रहेंगे।
डिजिटल सेवाओं पर असर नहीं
हालांकि शाखाओं में कामकाज रुक सकता है, लेकिन SBI की डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी। ग्राहक ऑनलाइन बैंकिंग, UPI पेमेंट और ATM सेवाओं का इस्तेमाल बिना रुकावट कर सकेंगे।






