
MS Dhoni Tax: वित्त वर्ष 2025-26 में आयकर विभाग ने बिहार और झारखंड से करीब 20 हजार करोड़ रुपये का टैक्स कलेक्शन किया। इसमें अकेले झारखंड का योगदान 12 हजार करोड़ रुपये रहा। यह जानकारी बिहार-झारखंड के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त डॉ. डी. सुधाकर राव ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में दी।
डॉ. राव ने बताया कि पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान M S Dhoni दोनों राज्यों को मिलाकर सबसे बड़े पर्सनल टैक्सपेयर रहे। हालांकि उन्होंने धोनी के टैक्स रिटर्न की रकम सार्वजनिक नहीं की।
टीडीएस से आया 70% टैक्स
आयकर विभाग के मुताबिक कुल टैक्स कलेक्शन का करीब 70 फीसदी हिस्सा टैक्स डिडक्शन एट सोर्स (TDS) के जरिए मिला। कॉरपोरेट टैक्सपेयर्स में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL), भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) और CMPDI प्रमुख रहे।
डॉ. राव ने कहा कि पिछले वित्त वर्ष में भारी बारिश की वजह से खनन गतिविधियां प्रभावित हुईं, जिसका असर टैक्स कलेक्शन पर भी पड़ा। इसके बावजूद विभाग को उम्मीद है कि चालू वित्त वर्ष में 20 हजार करोड़ रुपये का आंकड़ा पार हो जाएगा।
5.5 करोड़ PAN धारक
डॉ. राव ने बताया कि बिहार और झारखंड में करीब 5.5 करोड़ PAN कार्ड धारक हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ 40 लाख लोग ही आयकर रिटर्न दाखिल करते हैं। विभाग अब टैक्स बेस बढ़ाने और लोगों को जागरूक करने पर जोर देगा।
नए इनकम टैक्स एक्ट पर जागरूकता अभियान
इससे पहले डॉ. राव ने नए आयकर अधिनियम 2025 को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। यह नया कानून 1 अप्रैल से लागू होगा और छह दशक पुराने आयकर अधिनियम 1961 की जगह लेगा। बैठक में बिहार और झारखंड के 100 से ज्यादा अधिकारी शामिल हुए।
डॉ. राव ने कहा कि नया कानून आसान भाषा, सरल ढांचे और बेहतर प्रेजेंटेशन के जरिए टैक्स अनुपालन को अधिक सहज बनाने की कोशिश है। उन्होंने बताया कि बैंकर्स, पीएसयू और अन्य संस्थानों के लिए दोनों राज्यों में जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।





