
PM E-Drive: भारत सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की खरीद और उनके लिए ज़रूरी सुविधाएं बढ़ाने के लिए चल रही, प्रधानमंत्री इलेक्ट्रिक ड्राइव रेवोल्यूशन इन इनोवेटिव व्हीकल इनहांसमेंट (PM E-Drive) योजना को दो साल और बढ़ा दिया है। अब यह योजना 31 मार्च 2028 तक चलेगी।
यह योजना 1 अक्टूबर 2024 को शुरू हुई थी और इसका बजट ₹10,900 करोड़ है। पहले इसे मार्च 2026 तक चलाने की योजना थी। इसके तहत आम लोगों को EV खरीदने पर सब्सिडी मिलती है। साथ ही, पब्लिक चार्जिंग स्टेशन, वाहन जांच की सुविधाएं और EV तकनीक को भारत में विकसित करने के काम में भी मदद दी जाती है।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह योजना EV अपनाने, चार्जिंग स्टेशन लगाने और घरेलू EV मैन्युफैक्चरिंग को प्रोत्साहन देती रहेगी। इलेक्ट्रिक मोबिलिटी प्रमोशन स्कीम 2024 (EMPS-2024) को भी इसमें शामिल कर दिया गया है।
क्या है इस स्कीम का टारगेट?
इलेक्ट्रिक बस, ट्रक और एम्बुलेंस खरीदने पर मिलने वाली सब्सिडी अब मार्च 2028 तक मिलेगी। लेकिन इस योजना का बजट सीमित है, इसलिए अगर फंड पहले ही खत्म हो गया तो कुछ हिस्से तय समय से पहले बंद हो सकते हैं।
सरकार का ध्यान EV से जुड़ी पूरी व्यवस्था को मजबूत करने पर है। इसके लिए चार्जिंग स्टेशन बढ़ाए जा रहे हैं, टेस्टिंग की सुविधाएं बेहतर की जा रही हैं और भारत में ही EV बनाने को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका मकसद ऊर्जा की सुरक्षा और प्रदूषण को कम करना है।






