Bihar Team in IPL: चेन्नई-मुंबई की तरह बिहार की भी हो अपनी IPL टीम… अरबपति कारोबारी अनिल अग्रवाल ने उठाई मांग

AhmadJunaidBlogMay 22, 2026359 Views


Bihar Team in IPL: अरबपति कारोबारी और वेदांता लिमिटेड के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने बिहार के लिए IPL टीम की मांग उठाई है। बिहार के पटना में जन्मे वेदांता चेयरमैन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि जिस तरह चेन्नई, मुंबई और कोलकाता की टीमें हैं, उसी तरह बिहार को भी अपनी पहचान वाली IPL टीम मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि बिहार की मिट्टी ने देश को कई शानदार क्रिकेटर दिए हैं, लेकिन राज्य को अब तक क्रिकेट में वह पहचान नहीं मिल पाई जिसकी वह हकदार है।

बिहार के खिलाड़ियों का किया जिक्र

अग्रवाल ने Ishan Kishan, Vaibhav Suryavanshi और Saqib Hussain का उदाहरण देते हुए कहा कि बिहार का टैलेंट लगातार सामने आ रहा है।

उन्होंने लिखा कि ईशान किशन ने सबसे तेज वनडे दोहरा शतक लगाया, जबकि वैभव सूर्यवंशी IPL डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने। साकिब हुसैन ने भी मौजूदा IPL सीजन में अपनी गेंदबाजी से लोगों का ध्यान खींचा है।

‘बिहार सिर्फ राज्य नहीं, इमोशन’

अनिल अग्रवाल ने कहा कि वह हमेशा चाहते थे कि बिहार के युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं और सही मंच मिले।

उन्होंने लिखा कि अगर बच्चों को सही प्रेरणा और सुविधाएं मिलें तो बिहार की टीम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम बन सकती है। अग्रवाल ने यह भी कहा कि वह बिहार के क्रिकेट और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए “बिना शर्त समर्थन” देने को तैयार हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “मेरे लिए बिहार सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि एक इमोशन है।”

सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया

अग्रवाल की पोस्ट वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अलग-अलग राय दी। कुछ यूजर्स ने कहा कि बिहार में टैलेंट की कभी कमी नहीं रही, जरूरत सिर्फ सही प्लेटफॉर्म और पहचान की है। लोगों का मानना है कि IPL टीम मिलने से राज्य के युवाओं को बड़ा मौका मिलेगा।

वहीं, कुछ यूजर्स ने अग्रवाल से पूछा कि उनका ‘बिना शर्त समर्थन’ आखिर किस तरह का होगा। कुछ लोगों ने क्रिकेट अकादमी और इंटरनेशनल स्तर के स्टेडियम बनाने की मांग भी उठाई।

एक यूजर ने सुझाव दिया कि सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि अन्य खेलों पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए ताकि बिहार ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर भी अपनी पहचान बना सके।



0 Votes: 0 Upvotes, 0 Downvotes (0 Points)

Leave a reply

Loading Next Post...
Search Trending
Popular Now
Loading

Signing-in 3 seconds...

Signing-up 3 seconds...