
Maruti Suzuki price hike: अगर आप नई कार खरीदने का प्लान कर रहे हैं तो यह खबर आपके काम की है। देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने कार की कीमतें को बढ़ाने का फैसला लिया है। कंपनी जून 2026 से अपने सभी मॉडलों की कीमतों में 30,000 रुपये तक का इजाफा करने जा रही है।
दिलचस्प बात यह है कि मारुति आमतौर पर हर साल की शुरुआत में दाम बढ़ाती है, लेकिन इस बार कंपनी ने कई महीनों तक कीमतें बढ़ाने से बचने की कोशिश की। मगर अब लगातार बढ़ती लागत और महंगाई के चलते कंपनी ने यह फैसला लिया है।
बढ़ती महंगाई का कस्टमर पर पड़ेगा बोझ
कंपनी ने साफ कहा है कि गाड़ियों को बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और दूसरे इनपुट कॉस्ट लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले कुछ समय से कंपनी लागत कम करने के लिए कई उपाय कर रही थी ताकि कस्टमर पर ज्यादा बोझ न पड़े लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पर डालना पड़ेगा।
हालांकि, मारुति का कहना है कि ग्राहकों पर असर कम से कम पड़े, इसकी पूरी कोशिश की जाएगी। कंपनी के मुताबिक, कीमतों में बदलाव हर मॉडल पर अलग-अलग होगा यानी कुछ गाड़ियों पर मामूली रेट बढ़ेगें। जबकि कुछ मॉडल 30,000 रुपये तक महंगे हो सकते हैं।
अप्रैल 2026 में बेच रिकॉर्ड 2.39 कार
कंपनी का कारोबार इस समय शानदार रफ्तार में चल रहा है। FY 2026-27 की शुरुआत मारुति के लिए बेहद मजबूत रही है। अप्रैल 2026 में कंपनी ने करीब 2.39 लाख यूनिट बेचकर अपने इतिहास की सबसे ज्यादा मंथली ग्रोथ दर्ज की।
एसयूवी सेगमेंट में भी कंपनी ने रिकॉर्ड बनाया। अप्रैल में 55,000 से ज्यादा एसयूवी की डिलीवरी हुई, जो पिछले साल के मुकाबले 142% ज्यादा है।
युद्ध संकट में भी रिकाॅर्ड गाड़ियों का एक्सपोर्ट
निर्यात के मामले में भी कंपनी का प्रदर्शन शानदार रहा है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और सप्लाई से जुड़ी दिक्कतों के बावजूद अप्रैल 2026 में कंपनी ने 40,054 गाड़ियों का एक्सपोर्ट किया। यह पिछले साल के मुकाबले 43.5% ज्यादा है।
घरेलू बाजार में भी मारुति की पकड़ मजबूत बनी हुई है। कंपनी की घरेलू बिक्री 1.9 लाख यूनिट तक पहुंच गई, जिसमें सालाना आधार पर 34% की बढ़ोतरी दर्ज हुई। एंट्री-लेवल कारों की बात करें तो ऑल्टो और एस-प्रेसो की बिक्री में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। दोनों मॉडलों की संयुक्त बिक्री 254% बढ़कर 16,066 यूनिट तक पहुंच गई।
वहीं कंपनी का कॉम्पैक्ट कार पोर्टफोलियो जिसमें ऑल्टो, एस-प्रेसो, सेलेरियो और वैगनआर शामिल हैं ने 74% की ग्रोथ दर्ज की। इसके अलावा Maruti Suzuki Dzire की बिक्री में भी बड़ी तेजी आई और यह पिछले साल के मुकाबले 139% बढ़ गई।






