
Maruti Suzuki e Vitara Price: कई महीनों के इंतजार के बाद Maruti Suzuki ने अपनी पहली ऑल-इलेक्ट्रिक SUV e Vitara के प्राइस की जानकारी दी है। Maruti Suzuki e Vitara के साथ कंपनी मिड-साइज इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में औपचारिक एंट्री कर रही है।
जनवरी 2025 में ऑटो एक्सपो में पहली बार पेश हुई इस एसयूवी की प्राइस कंपनी ने 10.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी है। यह प्राइस बैटरी के बिना है। कंपनी ने अभी तक बैटरी सहित कीमतों का खुलासा नहीं किया है।
e Vitara की बैटरी अलग से दी जाएगी, जिसकी प्रभावी रनिंग कॉस्ट 3.99 रुपये प्रति किलोमीटर बताई गई है। कंपनी तीन साल बाद 60% एश्योर्ड बायबैक वैल्यू दे रही है। ग्राहक Nexa शोरूम या कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर 21,000 रुपये देकर बुकिंग कर सकते हैं।
ग्राहकों को गाड़ी और बैटरी पैक पर आठ साल की वारंटी मिलेगी। इसके अलावा एक साल की कॉम्प्लिमेंट्री चार्जिंग और 50,000 रुपये कीमत का फ्री होम चार्जर इंस्टॉलेशन भी शामिल है।
नई HEARTECT-e प्लेटफॉर्म पर तैयार
यह SUV नई HEARTECT-e प्लेटफॉर्म पर बनी है, जिसे स्ट्रेंथ, स्ट्रक्चरल रिगिडिटी और हाई-वोल्टेज प्रोटेक्शन को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इसकी लंबाई 4,275mm, चौड़ाई 1,800mm और ऊंचाई 1,640mm है, जबकि व्हीलबेस 2,700mm है। फ्लैट-फ्लोर डिजाइन के कारण केबिन स्पेस बेहतर मिलता है।
SUV में एडैप्टिव ग्रिल शटर, Eco, Normal और Sport ड्राइविंग मोड के साथ Snow मोड भी दिया गया है। रिजनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम वन-पेडल ड्राइविंग का अनुभव देता है।
प्रीमियम इंटीरियर और फीचर्स
केबिन में ट्विन-डेक फ्लोटिंग कंसोल, नया स्टीयरिंग व्हील, फिक्स्ड ग्लास सनरूफ और मल्टी-कलर एंबिएंट लाइटिंग दी गई है। 10.1 इंच इंफोटेनमेंट स्क्रीन और 10.25 इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मौजूद है। ‘Infinity by Harman’ साउंड सिस्टम और वायरलेस कनेक्टिविटी भी मिलती है।
फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स और 10-वे पावर एडजस्टेबल ड्राइवर सीट इसे आराम के लिहाज से मजबूत बनाते हैं। पीछे 40:20:40 स्प्लिट सीट, स्लाइड और रिक्लाइन फंक्शन, आर्मरेस्ट और आसान बूट एक्सेस दिया गया है।
दो बैटरी ऑप्शन, 543 किमी तक रेंज
e Vitara में कॉम्पैक्ट 3-इन-1 पावरट्रेन सिस्टम है। 49kWh बैटरी 144bhp और 189Nm टॉर्क देती है, जिसकी दावा की गई रेंज 440 किमी है। 61kWh बैटरी 174bhp और 189Nm टॉर्क के साथ 543 किमी से ज्यादा की रेंज देती है। बैटरी -30°C से 60°C तक तापमान में काम करने के लिए डिजाइन की गई है।
सेफ्टी पर खास फोकस
SUV की 50% से ज्यादा बॉडी हाई-टेंसाइल स्टील से बनी है। इसमें लेवल-2 ADAS, सात एयरबैग (ड्राइवर नी एयरबैग सहित), ऑल-डिस्क ब्रेक, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, TPMS और e-Call फीचर शामिल हैं।






