Contra Mutual Fund: बाजार की चाल से उलट निवेश करने वाला कॉन्ट्रा फंड क्या है? उदाहरण के साथ जानिए इसके फायदे और नुकसान

AhmadJunaidBlogJanuary 15, 2026363 Views


Contra Mutual Fund: शेयर बाजार में अक्सर देखा जाता है कि निवेशक वही रास्ता चुनते हैं, जिस पर ज्यादातर लोग चल रहे होते हैं। जिस सेक्टर या शेयर में तेजी दिखती है, वहीं पैसा लगने लगता है और जहां गिरावट आती है, वहां से निवेशक दूरी बना लेते हैं। लेकिन म्यूचुअल फंड की दुनिया में एक ऐसा फंड भी है, जो इस सोच के बिल्कुल उलट चलता है। इसे कॉन्ट्रा फंड (Contra Fund) कहा जाता है।

सम्बंधित ख़बरें

क्या है कॉन्ट्रा फंड?

कॉन्ट्रा फंड (Contra Fund) बाजार की आम धारणा के विपरीत निवेश करता है। जब किसी सेक्टर या कंपनी को लेकर निगेटिव माहौल बन जाता है और उसके शेयर सस्ते हो जाते हैं, तब Contra Fund वहां निवेश करता है।

ऐसा क्यों करता है ये फंड?

यह फंड यह सोचता है कि बाजार कई बार जरूरत से ज्यादा डर या उत्साह में गलत कीमत तय कर देता है। ऐसे में जो शेयर अभी कमजोर दिख रहे हैं, वे भविष्य में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।

उदाहरण के तौर पर मान लीजिए कि किसी समय आईटी सेक्टर में मंदी आ गई। कंपनियों के मुनाफे घटने लगे, शेयरों के दाम नीचे चले गए और निवेशक आईटी शेयर बेचने लगे। ऐसे माहौल में ज्यादातर लोग आईटी सेक्टर से दूर रहना चाहते हैं। लेकिन Contra Fund का नजरिया अलग होता है। फंड मैनेजर यह देखता है कि क्या इन कंपनियों की बुनियाद अब भी मजबूत है, क्या उनका बिजनेस मॉडल टिकाऊ है और क्या लंबी अवधि में हालात सुधर सकते हैं। अगर जवाब हां है, तो फंड उसी समय निवेश कर सकता है।

क्या है इस फंड का फायदा?

कॉन्ट्रा फंड का फायदा यह है कि अगर अनुमान सही साबित हुआ और सेक्टर या कंपनी में सुधार आया, तो निवेशकों को अच्छा रिटर्न मिल सकता है। सस्ते दाम पर खरीदे गए शेयर जब ऊपर जाते हैं, तो मुनाफा तेजी से बढ़ता है। यही वजह है कि लंबे समय में Contra Funds ने कई बार आकर्षक रिटर्न दिए हैं।

क्या है इस फंड का नुकसान?

इसमें जोखिम भी कम नहीं है। बाजार का नजरिया बदलने में समय लग सकता है। कभी-कभी जिस सेक्टर से उम्मीद की जाती है, वहां सुधार देर से आता है या आता ही नहीं। ऐसे में निवेशक को कुछ साल तक कमजोर रिटर्न भी देखना पड़ सकता है।

किन निवेशकों के लिए अच्छा है यह फंड?

इसलिए Contra Fund उन निवेशकों के लिए ज्यादा उपयुक्त माना जाता है, जो लंबी अवधि तक निवेश कर सकते हैं और बाजार के उतार-चढ़ाव से घबराते नहीं हैं। जल्दी मुनाफा कमाने वालों के लिए यह रणनीति चुनौतीपूर्ण हो सकती है।

 

0 Votes: 0 Upvotes, 0 Downvotes (0 Points)

Leave a reply

Loading Next Post...
Search Trending
Popular Now
Loading

Signing-in 3 seconds...

Signing-up 3 seconds...