
Success Story: स्टार्टअप फाउंडर, इंफ्लुएंसर और डिजिटल क्रिएटर, अंकुर वारिकू (Ankur Warikoo) की सफलता की कहानी आज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। आमतौर पर हम मानते हैं कि करियर और कमाई का ग्राफ हमेशा ऊपर की ओर जाना चाहिए, लेकिन अंकुर वारिकू का अनुभव कुछ और ही कहता है।
17 साल की उम्र में महज 9 रुपये प्रति घंटा कमाने से लेकर आज 2 लाख रुपये प्रति घंटा तक पहुंचने का उनका सफर सीधा नहीं, बल्कि उतार-चढ़ाव भरा रहा है। उनकी लिंक्डइन पोस्ट ने इस धारणा को चुनौती दी है कि कड़ी मेहनत ही कमाई बढ़ाने का एकमात्र रास्ता है।
शुरुआत और पहला बड़ा बदलाव
अंकुर ने बताया कि उनके करियर की शुरुआत ट्यूशन पढ़ाने से हुई थी, जहां वह महीने के 400 रुपये कमाते थे। उस समय उन्हें लगता था कि बस मेहनत करते रहो और पैसा बढ़ता जाएगा।
अमेरिका में पढ़ाई के दौरान उनकी कमाई 200 रुपये प्रति घंटा तक पहुंच गई, जो एक बड़ी उपलब्धि महसूस हुई। लेकिन असली मोड़ तब आया जब उन्होंने पीएचडी बीच में ही छोड़ दी और भारत लौट आए। यहां उनकी कमाई घटकर 134 रुपये प्रति घंटा रह गई। यहीं से उन्होंने वह सबक सीखा जिसे वह ‘पीछे हटना’ कहते हैं।
वारिकू ने अपनी जमी-जमाई कमाई को छोड़कर एमबीए करने का फैसला किया। उस दौरान वह कुछ कमा नहीं रहे थे, बल्कि कर्ज लेकर पढ़ाई कर रहे थे, जिससे उनकी प्रति घंटा वैल्यू माइनस 33 रुपये हो गई।
बाहर से देखने पर यह एक गलत फैसला लग सकता था, लेकिन एमबीए के बाद उनकी कमाई तेजी से बढ़ी और कुछ ही सालों में 800 रुपये प्रति घंटा तक जा पहुंची। इसके बाद उन्होंने फिर एक जोखिम लिया और एक स्टार्टअप शुरू करने के लिए अपनी सैलरी में 65% की भारी कटौती की।
सिस्टम बनाने का फायदा
साल 2020 में अंकुर ने एक बार फिर सब कुछ नए सिरे से शुरू किया। उन्होंने एक कंटेंट और टीचिंग बिजनेस खड़ा करने का फैसला लिया। इस बार उनका मकसद सिर्फ पैसा कमाना नहीं, बल्कि एक ऐसा सिस्टम बनाना था जो उनके समय पर निर्भर न हो। उन्होंने टीम बनाई और अपने काम के घंटे घटाकर हफ्ते में सिर्फ 25 कर दिए।
नतीजा यह रहा कि आज उनकी कमाई 2 लाख रुपये प्रति घंटा है। उनके मुताबिक, बीते 30 सालों में उनकी आय सालाना 48% की दर से बढ़ी है, जो किसी भी शेयर बाजार या रियल एस्टेट निवेश से कहीं ज्यादा है।
एक्सपर्ट की राय
इस डेटा पर प्रतिक्रिया देते हुए एक्सपर्ट्स का मानना है कि वारिकू की सफलता का राज खेल के नियमों को बदलना था। एक रिडर ने कमेंट किया की ज्यादातर लोग मौजूदा रास्ते को बेहतर बनाने की कोशिश करते हैं, जबकि असल बढ़ोतरी तब होती है जब आप रास्ता ही बदल देते हैं।
वहीं एक अन्य एक्सपर्ट का कहना है कि हर ‘पीछे हटने वाला कदम’ दरअसल एक बेहतर दिशा में किया गया निवेश था। यह कहानी साबित करती है कि अगर आप अपनी आय को कई गुना बढ़ाना चाहते हैं, तो आपको समय-समय पर अपनी वर्तमान सुरक्षा को छोड़ने का साहस दिखाना होगा।






