
Penny Stock: शुक्रवार को शेयर बाजार में जारी अच्छी तेजी के बीच 2,529.16 करोड़ के मार्केट कैप वाली स्मॉल कैप कंपनी, स्पाइस लाउंज फूड वर्क्स लिमिटेड (Spice Lounge Food Works Ltd) के शेयर में 5% का अपर सर्किट लगा है। आज लगातार दूसरा दिन है जब शेयर में अपर सर्किट लगा है। इससे पहले पिछले कारोबारी दिन यानी 14 जनवरी को भी स्टॉक में अपर सर्किट लगा था। 15 जनवरी को बाजार महाराष्ट्र बीएमसी चुनाव के कारण बंद था।
कंपनी का शेयर आज बीएसई पर 36.28 रुपये पर स्थिर है। बीएसई पर मौजूद जानकारी के मुताबिक सुबह 09:49 बजे तक कंपनी के 10,525 इक्विटी शेयरों में ट्रेड हुआ है।
1 साल में 160% से ज्यादा का रिटर्न
इस शेयर ने निवेशकों का पैसा 1 साल में दोगुना करते हुए 164 प्रतिशत का रिटर्न दिया है। वहीं पिछले 2 साल में स्टॉक 688 प्रतिशत से अधिक, पिछले 3 साल में 800 प्रतिशत से अधिक और पिछले 5 साल में 3000 प्रतिशत से अधिक का रिटर्न दिया है।
कंपनी ने हाल ही में किया था बड़ा अधिग्रहण
हाल ही में कंपनी ने अपने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया था कि उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने सिंगापुर स्थित प्रिशा इन्फोटेक (Prisha Infotech) में 100% हिस्सेदारी खरीदने को मंजूरी दे दी है।
कंपनी ने बताया कि इसके 12 महीनों के अंदर पूरी होने की उम्मीद है। यह अधिग्रहण 1.50 लाख अमेरिकी डॉलर में किया जाएगा। एक्सचेंज फाइलिंग से मिली जानकारी के मुताबिक कंपनी इस अधिग्रहण के जरिए फूड सर्विस और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में टेक्नोलॉजी आधारित सॉल्यूशंस की दिशा में विस्तार कर रही है, जो उसकी लंबी अवधि की विस्तार, डायरवसिफिकेशन और ग्लोबल मौजूदगी की रणनीति के मुताबिक है।
कंपनी ने बताया कि प्रिशा इन्फोटेक की सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और प्रोग्रामिंग क्षमताओं के जुड़ने से स्पाइस लाउंज का डिजिटल बेस मजबूत होगा और सिंगापुर के जरिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच आसान होगी।
प्रिशा इन्फोटेक एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर, डिजिटल प्लेटफॉर्म और कस्टमर-फेसिंग बिजनेस के लिए टेक सॉल्यूशंस में महारत रखती है, जिससे ऑपरेशनल एफिशिएंसी, ग्राहकों से जुड़ाव और डेटा आधारित फैसलों में सुधार होगा।
फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि यह अधिग्रहण सप्लाई चेन मैनेजमेंट, पॉइंट-ऑफ-सेल सिस्टम, कस्टमर एक्सपीरियंस प्लेटफॉर्म और एनालिटिक्स आधारित ऑपरेशंस में इनोवेशन को बढ़ावा देगा।






