
Ola Electric Share: घरेलू ब्रोकरेज फर्म Emkay Global ने ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड (Ola Electric Mobility Ltd) Ltd पर अपने ‘Buy’ कॉल को डाउनग्रेड करते हुए सीधा ‘Sell’ कर दिया है। साथ ही टारगेट प्राइस 50 रुपये से 60% घटाकर 20 रुपये कर दिया।
सुबह 10:44 बजे तक कंपनी का शेयर एनएसई पर 5.67% या 1.75 रुपये गिरकर 29.14 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और बीएसई पर स्टॉक 5.63% या 1.74 रुपये टूटकर 29.16 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
ब्रोकरेज ने दिसंबर तिमाही के कमजोर नतीजों और बढ़ते बैलेंस शीट दबाव के बाद यह फैसला लिया है। ब्रोकरेज ने साफ कहा कि कंपनी की मौजूदा स्थिति उसके सर्वाइवल पर सवाल खड़े करती है।
ब्रोकरेज Emkay के मुताबिक इलेक्ट्रिक दोपहिया सेक्टर की बुनियादी थीम मजबूत है। जनवरी 2026 में इंडस्ट्री वॉल्यूम 33% और फरवरी 2026 में 24% सालाना बढ़े।
लेकिन ओला अपने कंपीटिटर से पीछे रह गई। Q1FY26 में जहां कंपनी ने 1.25 लाख यूनिट बेची थीं, वहीं Q3FY26 में यह आंकड़ा घटकर 32,000 यूनिट रह गया। इंडस्ट्री में कंपनी पांचवें स्थान पर फिसल गई और बाजार हिस्सेदारी 6% पर सिमट गई।
बैलेंस शीट पर बढ़ता दबाव
ब्रोकरेज का मानना है कि ओला के लिए टर्नअराउंड आसान नहीं होगा। खासकर तब, जब पुराने प्लेयर्स आक्रामक रणनीति अपना रहे हैं और Ather Energy Ltd तेजी से स्केल कर रही है।
Emkay के मुताबिक सफल टर्नअराउंड के लिए मजबूत कैश बफर जरूरी होगा। ब्रोकरेज के वैल्यूएशन के मुताबिक FY26 के नौ महीनों में कंपनी 670 करोड़ रुपये के नेट कर्ज में पहुंच गई, जबकि H1FY26 में उसके पास 160 करोड़ रुपये का नेट कैश था।
Q3FY26 में ओला का रेवेन्यू 55% घटा। वॉल्यूम में 61% की गिरावट इसका मुख्य कारण रही। हालांकि प्रोडक्शन-लिंक्ड इंसेंटिव के कारण ग्रॉस मार्जिन तिमाही आधार पर 34.3% तक सुधरा, लेकिन EBITDA मार्जिन घाटा बढ़कर माइनस 58% हो गया, जो पिछली तिमाही में माइनस 29% था।
आगे क्या?
Emkay का कहना है कि बैटरी बिजनेस में रणनीतिक हिस्सेदारी बिक्री से कैश आ सकता है। ब्रोकरेज ने इलेक्ट्रिक दोपहिया थीम में TVS Motor Company Ltd और Bajaj Auto Ltd को तरजीह दी है।
ओला ने करीब 700 स्टोर्स तक नेटवर्क सीमित करने, ऑपरेटिंग खर्च घटाने और कैश बचाने जैसे कदम उठाए हैं। मैनेजमेंट ने तिमाही ऑपरेटिंग खर्च 430 करोड़ से घटाकर 250-300 करोड़ रुपये पर लाने का लक्ष्य रखा है।





