
भारत में अब प्रोटीन सिर्फ जिम जाने वालों या फिटनेस इन्फ्लुएंसर्स तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब आम लोग भी अपनी डाइट में प्रोटीन का इस्तेमाल करने लगे हैं। यही वजह है कि अंडे, पनीर, ग्रीक योगर्ट, पीनट बटर और प्रोटीन स्नैक्स जैसे प्रोडक्ट्स की डिमांड तेजी से बढ़ रही है।
बिजनेस टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट पर पिछले दो सालों में प्रोटीन प्रोडक्ट्स के ऑर्डर में 150% का इजाफा हुआ है। वहीं, इन प्रोडक्ट्स पर लोगों का खर्च तीन गुना तक बढ़ गया है।
क्विक कॉमर्स कंपनियों ने अब अपने प्लेटफॉर्म पर लगभग 10,000 प्रोटीन से जुड़े प्रोडक्ट्स शामिल कर लिए हैं। इनमें रोजमर्रा की चीजों के साथ-साथ सुपरयू, ओनली व्हाट्स नीडेड (OWN), द होल ट्रुथ, राइटबाइट और पिंटोला जैसे नए हेल्थ ब्रांड्स भी शामिल हैं।
छोटे शहरों में बढ़ती प्रोटीन की डिमांड
यह ट्रेंड अब सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है। बेंगलुरु अभी भी प्रोटीन डिमांड में सबसे आगे है, लेकिन टियर-2 और छोटे शहरों में इसकी ग्रोथ और तेज दिख रही है।
नागपुर, जयपुर, चंडीगढ़, भुवनेश्वर, गुवाहाटी और विशाखापत्तनम जैसे शहर तेजी से बड़े प्रोटीन मार्केट बनकर उभर रहे हैं। इंस्टामार्ट के चीफ बिजनेस ऑफिसर हरि कुमार ने कहा कि अब लोग सिर्फ जरूरत का सामान नहीं खरीद रहे, बल्कि Better for You यानी हेल्दी और न्यूट्रिशन से भरपूर चीजों की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं।
अंडे-पनीर अभी भी पहली पसंद
भले ही बाजार में नए-नए हेल्थ प्रोडक्ट्स आ गए हों, लेकिन भारत की प्रोटीन थाली में अंडे और पनीर अभी भी सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। इसके बाद चिकन और अंडे का कॉम्बिनेशन सबसे ज्यादा खरीदा जा रहा है। साथ ही चना, मखाना, ओट्स, प्रोटीन बार, ग्रीक योगर्ट और प्रोटीन मिल्कशेक भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
प्रोटीन स्नैक्स की डिमांड में बड़ा उछाल
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रोटीन स्नैक्स की डिमांड सबसे तेजी से बढ़ रही है। खासतौर पर प्रोटीन चिप्स की बिक्री में सालाना करीब 300% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
ग्रीक योगर्ट की वजह से प्रोटीन योगर्ट कैटेगरी करीब 280% बढ़ी, जबकि प्रोटीन दूध और मिल्कशेक की बिक्री 225% तक बढ़ गई। अब लोग इन्हें सिर्फ जिम डाइट नहीं, बल्कि रोजमर्रा की खाने-पीने की आदतों में शामिल कर रहे हैं।
प्रोटीन पर लाखों रुपये खर्च कर रहे लोग
रिपोर्ट में कुछ चौंकाने वाले आंकड़े भी सामने आए हैं। चेन्नई के एक यूजर ने सिर्फ पीनट बेस्ड प्रोटीन प्रोडक्ट्स पर ₹2.71 लाख से ज्यादा खर्च किए। वहीं, बेंगलुरु के एक ग्राहक ने अकेले प्रोटीन बार्स पर ₹2.09 लाख खर्च कर डाले।
मुंबई, दिल्ली और सूरत जैसे शहरों में भी लाखों रुपये के हाई-वैल्यू प्रोटीन ऑर्डर दर्ज किए गए, जिनमें ज्यादातर व्हे प्रोटीन प्रोडक्ट्स शामिल थे। भारत में अब प्रोटीन सिर्फ फिटनेस ट्रेंड नहीं, बल्कि तेजी से बदलती लाइफस्टाइल और खाने की आदतों का हिस्सा बनता जा रहा है।
पीनट बटर सबसे ज्यादा सर्च किया जाने वाला प्रोडक्ट
लोगों की सर्चिंग आदतों में भी तेजी से बदलाव आ रहा है। इंस्टामार्ट पर पीनट बटर सबसे ज्यादा सर्च किया जाने वाला प्रोटीन प्रोडक्ट बन गया है। इसके बाद ग्रीक योगर्ट का नंबर आता है। वहीं, प्रोटीन ब्रेड की सबसे ज्यादा Search to Checkout Conversion दर्ज हुई। यानी लोग इसे सर्च करने के बाद सीधे खरीद भी रहे हैं।
देसी आइटम में भी इजाफा
इस बदलाव का असर पारंपरिक भारतीय खाने पर भी दिख रहा है। अब लोग चना, मखाना, सत्तू, बेसन और भुना चना जैसी देसी चीजों को भी प्रोटीन के नजरिए से देखने लगे हैं।
सोया चंक्स की डिमांड दोगुनी से ज्यादा बढ़ चुकी है, जबकि टोफू की बिक्री में करीब 87% का उछाल आया है। इसके अलावा अंकुरित बाजरा और ओट्स आधारित ब्रेकफास्ट मिक्स भी तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।





