
बीएसई पर लिस्ट 461.32 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली स्मॉल कैप कंपनी, एचआरएस अलुग्लेज लिमिटेड (HRS Aluglaze Ltd) का शेयर सोमवार 25 मई को निवेशकों के रडार पर रहेगा। दरअसल बीते शुक्रवार को बाजार बंद होने के करीब 1 घंटे पहले कंपनी ने अपने मार्च तिमाही (Q4FY26) के आंकड़े जारी किए थे जिसके बाद स्टॉक में शानदार तेजी देखने को मिली थी।
शुक्रवार को यह शेयर बीएसई पर 6.33% या 14.25 रुपये की तेजी के साथ 239.25 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी एल्यूमिनियम प्रोडक्ट्स के डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग और इंस्टॉलेशन का कारोबार करती है।
H2 FY26 में मुनाफे में 312% की छलांग
कंपनी के मुताबिक, FY26 की दूसरी छमाही में कंसोलिडेटेड ऑपरेशंस से रेवेन्यू 41.20 करोड़ रुपये रहा। यह पिछले साल की समान अवधि के 21.77 करोड़ रुपये के मुकाबले 89.25 फीसदी ज्यादा है।
इसी अवधि में EBITDA 3.80 करोड़ रुपये से बढ़कर 9.79 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो 157.63 फीसदी की सालाना बढ़त दिखाता है।
कंपनी का कंसोलिडेटेड प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) 1.38 करोड़ रुपये से बढ़कर 5.68 करोड़ रुपये हो गया। यानी मुनाफे में 311.59 फीसदी की जोरदार बढ़त दर्ज की गई। कंपनी ने कहा कि मजबूत प्रोजेक्ट एग्जीक्यूशन और मुख्य बिजनेस सेगमेंट्स में लगातार मांग की वजह से प्रदर्शन बेहतर रहा।
पूरे साल में भी मजबूत ग्रोथ
FY26 के पूरे साल में भी कंपनी ने शानदार ग्रोथ दर्ज की। कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 42.11 करोड़ रुपये से बढ़कर 67.53 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो 60.36 फीसदी की बढ़त है।
वहीं EBITDA 10.74 करोड़ रुपये से बढ़कर 18.26 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का सालाना PAT 5.14 करोड़ रुपये से बढ़कर 10.21 करोड़ रुपये हो गया, यानी करीब 99 फीसदी की वृद्धि दर्ज हुई।
नए ऑर्डर और नई फैक्ट्री पर फोकस
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर रूपेश शाह ने कहा कि FY26 कंपनी के लिए मजबूत साल रहा। उन्होंने बताया कि कंपनी को रेजिडेंशियल, कमर्शियल और इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट्स में कई नए ऑर्डर मिले हैं, जो ग्राहकों के बढ़ते भरोसे को दिखाते हैं।
साथ ही कंपनी ने अहमदाबाद के राजोडा में नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी के विकास की शुरुआत भी की है। इस प्रोजेक्ट में करीब 16 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
2012 में स्थापित HRS Aluglaze विंडोज, डोर्स, कर्टेन वॉल, क्लैडिंग और ग्लेजिंग सिस्टम जैसे एल्यूमिनियम प्रोडक्ट्स बनाती है। कंपनी बिल्डर्स, कॉन्ट्रैक्टर्स और आर्किटेक्ट्स को स्टैंडर्ड और कस्टमाइज्ड सॉल्यूशंस भी उपलब्ध कराती है।






