
Stock to BUY: बुधवार 25 मार्च को शेयर बाजार में जारी शानदार तेजी के बीच ब्रोकरेज वेंचुरा सिक्योरिटीज (Ventura Securities) ने हॉस्पिटल चेन ऑपरेट करने वाली कंपनी, पार्क मेडी वर्ल्ड लिमिटेड (Park Medi World Ltd) पर Buy कॉल देते हुए 38.4% के अपसाइड की उम्मीद जताई है।
ब्रोकरेज ने अपने रिपोर्ट में 205 रुपये के करंट मार्केट प्राइस (CMP) आधार पर अगले 24 महीनों के लिए 284 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है।
ब्रोकरेज ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि पार्क मेडी वर्ल्ड लिमिटेड (PMWL) भले ही हाल ही में लिस्ट हुई कंपनी है, लेकिन यह एक तेजी से बढ़ने वाला मजबूत अवसर दिखाती है, खासकर ऐसे हेल्थकेयर सेक्टर में जहां डिमांड लगातार बढ़ रही है। कंपनी का बिजनेस मॉडल इसे अन्य हॉस्पिटल कंपनियों से अलग बनाता है, खासकर सस्ते इलाज (affordable healthcare) वाले सेगमेंट में।
ब्रोकरेज ने कहा कि PMWL बहुत कम लागत (लगभग 34 लाख रुपये प्रति बेड) में अस्पताल तैयार करती है, जिससे विस्तार करना आसान और मुनाफा बेहतर रहता है। इसका ‘Pearl & Necklace’ मॉडल 30-40 किमी के दायरे में कई अस्पताल बनाकर डॉक्टरों और मशीनों का बेहतर उपयोग करता है और खर्च कम करता है।
ब्रोकरेज रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी अगले 2 साल में 1,850 नए बेड जोड़ने की योजना बना रही है, जिससे कुल क्षमता FY28 तक 5,460 बेड हो जाएगी। साथ ही, यह खराब स्थिति वाले अस्पतालों को खरीदकर उन्हें मुनाफे में बदलने में भी सफल रही है। भारत का हेल्थकेयर बाजार तेजी से बढ़ रहा है और FY25 के 7 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर FY29 तक 10-11 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। खासकर उत्तर भारत में यह ग्रोथ और तेज है, जहां PMWL का फोकस है।
रिपोर्ट में वेंचुरा सिक्योरिटीज ने कहा कि वित्तीय रूप से भी कंपनी मजबूत है। FY25 में कंपनी की आय 1,394 करोड़ रुपये रही, EBITDA मार्जिन करीब 27% और मुनाफा (PAT) 205 करोड़ रुपये रहा। आने वाले समय में FY25 से FY28 के बीच कंपनी की आय करीब 22% की दर से बढ़कर 2,550 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।
मुनाफा भी तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि नए अस्पतालों के कारण शुरुआती समय में ऑक्यूपेंसी थोड़ी कम (60–62%) रह सकती है, लेकिन धीरे-धीरे इसमें सुधार होगा। कुल मिलाकर, PMWL मजबूत ग्रोथ, बेहतर लागत नियंत्रण और बढ़ती मांग के चलते एक अच्छा निवेश अवसर बनकर उभर रही है।
Park Medi World Share Price
कंपनी का शेयर सुबह 10:33 बजे तक एनएसई पर 0.31% या 0.64 रुपये गिरकर 204.72 रुपये पर ट्रे़ड कर रहा था वहीं बीएसई पर स्टॉक 0.15% या 0.30 रुपये टूटकर 204.85 रुपये पर कारोबार कर रहा था।






