
भारत तेजी से डिजिटल इंडिया की के तहत नई-नई टेक्नोलॉजी अपना रहा है। हालांकि जिस रफ्तार से डिजिटल बदलाव आ रहे हैं, उसी गति से ऑनलाइन धोखाधड़ी का जाल भी फैलता जा रहा है। बीते साल 2025 के आंकड़े बताते हैं कि भारत अब दुनिया के उन देशों की लिस्ट में टॉप पर है, जहां सबसे अधिक फर्जी और परेशान करने वाली (स्पैम) कॉल्स आती हैं।
ट्रूकॉलर (Truecaller) ने अपनी लेटेस्ट रिपोर्ट में यह दावा किया है कि भारत में स्पैम कॉल और फ्रॉड मैसेज की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल भारत में लगभग 4000 करोड़ से अधिक स्पैम कॉल और 12000 करोड़ से ज्यादा स्पैम मैसेज दर्ज किए गए हैं।
ऐसी स्थिति में आपके लिए यह जान लेना जरूरी है कि आप कैसे इन स्पैम कॉल या मैसेज से बच सकते हैं। चलिए जानते हैं।
फ्रॉड मैसेज और स्पैम कॉल से ऐसे बचें
1. टेलीकॉम कंपनियां खुद बताती हैं
आजकल एयरटेल, जियो जैसी दिग्गज टेलीकॉम कंपनियां अपने ग्राहकों को फ्री में स्पैम कॉल और स्पैम मैसेज का अलर्ट भेजती है। अगर कोई स्पैम कॉल करता है तो उसके नंबर के ऊपर स्पैम अलर्ट शो हो जाता है। अगर आपको यह अलर्ट दिखे तो आप बिल्कुल सावधान हो जाएं।
2. फोन के इनबिल्ट फीचर
आजकल ज्यादातर स्मार्टफोन में पहले से ही बिल्ट-इन स्पैम ब्लॉकिंग फीचर होता है। यह ‘Spam Protection’ या किसी अन्य नाम से आपके फोन में हो सकता है। अगर आप इस ऑन करते हैं तो लगभग 80 प्रतिशत तक अनचाहे स्पैम कॉल से बचा जा सकता है।
3. स्पैम ब्लॉकिंग एप्लिकेशन
अगर आपके फोन में ऐसा कोई स्पैम ब्लॉकिंग फीचर नहीं है, तो आप प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से स्पैम ब्लॉकिंग एप्लिकेशन डाउनलोड कर सकते हैं।
Truecaller, Robokiller और Nomorobo जैसे प्रमुख और एडवांस्ड एप्लिकेशन स्पैम कॉल और मैसेज को आप तक पहुंचने से पहले ही ब्लॉक कर देते हैं। साथ ही इन ऐप में आप स्पैम कॉल की रिपोर्ट भी कर सकते हैं, जिससे बाकी लोगों को भी पता चल सके कि कौन-सी कॉल या मैसेज स्पैम हैं।
4. पर्सनल जानकारी शेयर न करें
डेटा सेंटर अक्सर हमारा फोन नंबर और ईमेल जैसी पर्सनल जानकारी को कलेक्ट और स्टोर करके दूसरी टेलीमार्केटिंग कंपनी को बेच देते हैं। ऐसे में इस बात का ध्यान रखें कि कभी भी किसी अनजान साइट पर अपना मोबाइल नंबर या पर्सनल ईमेल न डालें। ऐसा करने से आपकी जानकारी डेटा सेंटर तक जाने से बच सकती है।
5. अनजान कॉल न उठाएं
अनजान या फ्रॉड जैसे दिखने वाले नंबर को कभी भी एंटरटेन न करें। ऐसे नंबर पर वापस मिस्ड कॉल या रिटर्न कॉल देने से आपके फोन में स्पैम कॉल आना और भी बढ़ सकता है। जो यूजर्स स्पैम कॉल और मैसेज के साथ ज्यादा इंटरैक्ट करते हैं, उन्हें उतनी ही ज्यादा स्पैम कॉल आती हैं।






